रायपुर: विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में रजिस्ट्रार श्रीनिवास तिवारी ने उपभोक्ता अधिकारों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस वर्ष की थीम “सुरक्षित उत्पाद, आत्मविश्वासी उपभोक्ता” है, जो उपभोक्ता संरक्षण की मूल भावना को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा करना सरकार, संस्थाओं और समाज की संयुक्त जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि वैश्विक और डिजिटल बाजार के तेजी से विस्तार के कारण आज उपभोक्ताओं की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है। उत्पाद और सेवाएं तेजी से लोगों तक पहुंच रही हैं, ऐसे में उपभोक्ताओं का विश्वास तभी मजबूत होगा जब उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और धन की रक्षा सुनिश्चित हो।
कार्यक्रम के दौरान इस बात पर जोर दिया गया कि उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित उत्पाद उपलब्ध कराना, नियमों और मानकों का पालन सुनिश्चित करना तथा उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम को प्रभावी ढंग से लागू करना सभी संस्थाओं की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
इस मौके पर उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने उपभोक्ता अधिकारों की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लिया, ताकि हर नागरिक सुरक्षित उत्पादों का उपयोग कर सके और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रह सके।

