रायपुर। नेशनल हेराल्ड केस में सोनिया गांधी और राहुल गांधी का नाम ED की चार्जशीट में आने के बाद कांग्रेस का देशभर में विरोध जारी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को रायपुर में यूथ कांग्रेस ने ईडी दफ्तर का घेराव करते हुए उसे ‘BJP कार्यालय’ नाम दे दिया।
नामकरण संस्कार और पुतला दहन
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा, NSUI और यूथ कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता इस विरोध में शामिल हुए। रीति-रिवाज़ों के साथ ईडी कार्यालय का ‘नामकरण संस्कार’ कर उसे भाजपा कार्यालय घोषित किया गया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला भी फूंका गया।
कांग्रेस का आरोप: ईडी, बीजेपी की कठपुतली
विरोध के दौरान पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा – “जो भी बीजेपी के खिलाफ आवाज़ उठाता है या आम लोगों की आवाज़ बुलंद करता है, उसके पीछे ED को छोड़ दिया जाता है। ये एजेंसियां अब BJP की कठपुतली बन चुकी हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि – “जब काम बीजेपी के लिए ही हो रहा है तो नाम भी वैसा ही रख देना चाहिए, इसलिए आज हमने ED दफ्तर का नाम बदलकर BJP कार्यालय रख दिया है।”
विपक्ष पर कार्रवाई का आरोप
कांग्रेस लगातार आरोप लगाती रही है कि केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्ष को दबाने के लिए किया जा रहा है। कुछ दिन पहले ही कांग्रेस ने पूरे प्रदेश में धरना प्रदर्शन कर यह मुद्दा उठाया था। आज का प्रदर्शन उसी कड़ी का हिस्सा है।





