धर्म स्वातंत्र्य विधेयक पर जल्द लग सकती है मुहर, डिप्टी सीएम विजय शर्मा के संकेत

रायपुर। धर्म स्वातंत्र्य विधेयक को लेकर राज्यपाल रमेन डेका जल्द ही हस्ताक्षर कर सकते हैं। इसका संकेत उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दिया है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल इस विषय पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं और संभव है कि जल्द ही इस पर निर्णय हो जाए।

वहीं, नक्सलमुक्ति के बाद मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दिल्ली दौरे को लेकर उन्होंने बताया कि इस दौरान छत्तीसगढ़ से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा होगी। इसमें नक्सलवाद के बाद की स्थिति और धर्म स्वातंत्र्य नियमों पर भी विचार किया जाएगा।

बस्तर के विकास पर विजय शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में अभी काफी काम होना बाकी है, लेकिन तेजी से विकास हो रहा है और आने वाले समय में इसका और बेहतर परिणाम देखने को मिलेगा।

पश्चिम बंगाल को लेकर उन्होंने दावा किया कि इस बार वहां भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है और जनता टीएमसी को सत्ता से बाहर कर सकती है।

कांग्रेस के सरकार को घेरने के प्रयासों पर उन्होंने कहा कि विपक्ष केवल बयानबाजी कर रहा है। सरकार के दो साल पूरे होने पर सभी विभागों ने अपने कार्यों की जानकारी सार्वजनिक की है, इससे अधिक पारदर्शिता और क्या हो सकती है।

बस्तर से सुरक्षा बलों की वापसी की मांग पर उन्होंने कहा कि यह संवेदनशील मामला है और इस पर बिना सोचे-समझे बयान नहीं देने चाहिए। उन्होंने अपील की कि अफवाहें न फैलाएं, क्योंकि लंबे समय बाद बस्तर नक्सलमुक्त हुआ है और फिलहाल वहां सतर्कता बनाए रखना जरूरी है।

You May Also Like

More From Author