रायपुर। रायपुर नगर पालिक निगम, जोन-8 के राजस्व विभाग ने लंबे समय से संपत्ति कर (प्रॉपर्टी टैक्स) का बकाया न चुकाने वाले बड़े व्यवसायियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के आदेश और जोन-8 कमिश्नर के निर्देश पर वार्ड क्रमांक 1 और 2 में स्थित 15 बड़े व्यवसायिक परिसरों को तत्काल सीलबंद कर दिया गया।

यह कार्रवाई उन बकायादारों पर की गई, जिन्होंने निगम द्वारा जारी डिमांड बिल, नोटिस और अंतिम नोटिस की अनदेखी की थी। कार्रवाई के दौरान कार्यपालन अभियंता अतुल चोपड़ा, सहायक राजस्व अधिकारी महादेव रक्सेल, राजस्व निरीक्षक राजेश मिश्रा, सहायक राजस्व निरीक्षक खगेंद्र सोनी और अन्य अधिकारियों की टीम मौजूद रही।
वीर सावरकर नगर (वार्ड 1) और पंडित जवाहरलाल नेहरू वार्ड (वार्ड 2) में कुल 15 परिसरों को सीलबंद किया गया। एक बकायादार ने तुरंत अपना पूरा बकाया जमा कर राहत प्राप्त की, जबकि दूसरे ने तीन दिनों में भुगतान का लिखित आश्वासन देने पर सीलबंदी फिलहाल टाल दी गई।
नगर निगम अधिकारियों ने साफ किया है कि नोटिस के बाद अब सीलबंदी और कुर्की जैसी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। इस कदम से यह स्पष्ट संदेश गया है कि लंबे समय से बकाया रखने वालों को अब किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।