रायपुर में भव्य कांवड़ यात्रा, 10 हजार श्रद्धालुओं ने 13 किमी चलकर किया महादेव का जलाभिषेक

रायपुर। राजधानी में रविवार को रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। करीब 10 हजार श्रद्धालुओं ने 13 किलोमीटर की यात्रा पूरी कर महादेव घाट स्थित बाबा हटकेश्वरनाथ महादेव का जलाभिषेक किया। यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद बृजमोहन अग्रवाल समेत कई जनप्रतिनिधि भी कांवड़ लेकर शामिल हुए।

यात्रा की शुरुआत गुढ़ियारी स्थित मारुति मंगलम से हुई, जहां 21 पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कांवड़ पूजन कराया। रास्ते में करीब 40 स्थानों पर श्रद्धालुओं का स्वागत, प्रसादी और पुष्पवर्षा की गई। विभिन्न राज्यों के कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और शिव परिवार, राम दरबार, हनुमान व महाकाल सहित कई धार्मिक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कांवड़ यात्रा भक्ति के साथ सेवा, समरसता और लोककल्याण का संदेश देती है। हजारों श्रद्धालुओं का एक साथ चलना सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है।

You May Also Like

More From Author