रायपुर : शराब घोटाला मामले के आरोपी पूर्व आईएएस अनिल टुटेजा को यूपी पुलिस ने मेरठ कोर्ट में पेश किया। टुटेजा को नकली होलोग्राम बनाने के मामले में ट्रांजिट वारंट पर यूपी पुलिस लेकर पहुंची थी। कोर्ट में पेशी के बाद उसे वापस केंद्रीय जेल रायपुर में लाकर सुपुर्द कर दिया जाएगा।
बताया जा रहा है कि यूपी पुलिस ने टुटेजा के प्रोडक्शन वारंट का आवेदन लगाया था, जिसे कोर्ट ने मंजूर कर लिया था। नकली होलोग्राम बनाने के मामले में टुटेजा के खिलाफ उत्तरप्रदेश में भी अपराध दर्ज है। इससे पहले, इस मामले में यूपी पुलिस ने अनवर ढेबर और पूर्व विशेष सचिव अरुणपति त्रिपाठी को गिरफ्तार किया था।
जुलाई 2023 में नकली होलोग्राम मामले में ईडी के डिप्टी डायरेक्टर ने नोएडा के कासना थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। 3 मई को यूपी एसटीएफ ने प्रिज्म होलोग्राफी सिक्योरिटी फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड के मालिक विधु गुप्ता को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में गुप्ता ने अनवर और अरुणपति का नाम लिया था।
एफआईआर के अनुसार, छत्तीसगढ़ के आबकारी विभाग ने अवैध रूप से प्रिज्म होलोग्राफी सिक्योरिटी फिल्म्स प्रालि को टेंडर दिया था। कंपनी के मालिकों की मिलीभगत से निविदा शर्तों को संशोधित किया गया और अवैध रूप से निविदा आवंटित की गई। बदले में कमीशन लिया गया और डुप्लीकेट होलोग्राम की सप्लाई छत्तीसगढ़ सक्रिय गैंग को की गई।
शराब घोटाला मामले में कई आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इस मामले की जांच ईडी और सीबीआई कर रही है।