CG Monsoon Session 2024 : सदन में गूंजा मलेरिया, डायरिया और डेंगू का मुद्दा

Raipur : रायपुर में डेंगू, मलेरिया और डायरिया के बढ़ते मामलों पर विपक्ष ने स्थगन प्रस्ताव पेश करते हुए सदन में चर्चा की मांग की है। स्पीकर डॉक्टर रमन सिंह ने इस विषय पर शुक्रवार को चर्चा की अनुमति दी है।

नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि प्रदेश भर की हालत बेहद ख़राब है। अस्पतालों में दवाएं उपलब्ध नहीं हैं और सरकारी अस्पतालों में जांच की व्यवस्था नहीं है। गरीब परिवार के लोग मलेरिया और डायरिया से अधिक पीड़ित हैं और उन्हें प्राइवेट लैब से जांच कराने की सलाह दी जा रही है, जिससे कई मरीज़ों की मृत्यु हो गई है।

कांग्रेस विधायक राघवेंद्र सिंह ने बताया कि उनके ज़िले में ही पांच सौ से ज्यादा लोग डायरिया से पीड़ित हैं, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई है। मलेरिया और डेंगू से भी दो लोगों की मौत हो गई है और अस्पतालों में बेड नहीं होने के कारण मरीजों को वापस भेजा जा रहा है।

कांग्रेस विधायक दलेश्वर साहू ने कहा कि कबीरधाम ज़िले के बोडला ब्लॉक में बैगा जाति के पांच लोगों की डायरिया से मौत हो गई है। भाजपा विधायक जनक ध्रुव ने मैनपुर में मलेरिया से हुई मौत की बात कही, जहां कमार भुइयाँ जनजाति के लोग रहते हैं। यह इलाक़ा हीरा खदान वाला है, और अमीर धरती के ग़रीब लोग इस क्षेत्र में रहते हैं। इलाज के लिए उन्हें सरकारी अस्पतालों से रिफ़र किया जा रहा है।

कांग्रेस विधायक भूपेश बघेल ने कहा कि पूरे प्रदेश में डेंगू, मलेरिया और डायरिया से पीड़ित लोगों के मामले सामने आ रहे हैं और इससे मौतें हो रही हैं। स्पीकर ने घोषणा की कि इस विषय पर कल सदन में चर्चा की जाएगी।

You May Also Like

More From Author