जांजगीर-चांपा में बस और कार की भीषण टक्कर, 25 से अधिक घायल, 8 की हालत गंभीर

जांजगीर-चांपा। जिले में आज एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जहां तेज रफ्तार बस और कार आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस सड़क किनारे पलट गई। हादसे में 25 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें 8 की हालत गंभीर बताई जा रही है। कार में सवार तीन पत्रकार भी घायल हुए हैं।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को पामगढ़ सीएचसी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर किया जा रहा है।

घटना मुलमुला थाना क्षेत्र के व्यासनगर के पास हुई। जानकारी के अनुसार बस शिवरीनारायण से बिलासपुर की ओर जा रही थी। तेज रफ्तार कार के टकराने के बाद बस अनियंत्रित होकर पलट गई। फिलहाल बस में कितने यात्री सवार थे, यह स्पष्ट नहीं हो सका है।

पत्रकारों की कार का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

You May Also Like

More From Author