जांजगीर-चांपा। जिले के बम्हनीडीह थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चांपा से बम्हनीडीह की ओर जा रही एक ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में रिक्शा सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए।
यह दुर्घटना सुबह करीब 5 बजे हुई। ई-रिक्शा में कुल छह लोग सवार थे। हादसे के बाद सभी घायलों को तुरंत बम्हनीडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मृतक की पहचान मालखरौदा थाना क्षेत्र के कुरदा गांव निवासी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक रोजी-रोटी के सिलसिले में हैदराबाद गया हुआ था और ट्रेन से लौटने के बाद परिवार के साथ गांव जाने के लिए ई-रिक्शा में सवार हुआ था। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।