Raipur News : रायपुर। नगर निगम जोन-10 की टीम ने मंगलवार को बोरियाखुर्द क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। जोन कमिश्नर विवेकानंद दुबे के नेतृत्व में आरडीए बिल्डिंग के पास लगभग 3 एकड़ भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग को मशीन से ध्वस्त किया गया और डीपीसी मुरुम मार्ग को तोड़कर मार्ग अवरुद्ध किया गया।
इसके पहले जोन-10 क्षेत्र अंतर्गत दो अवैध प्लाटिंग मामलों में कुल 1.845 हेक्टेयर भूमि पर अधिनियम के तहत प्रबंध अधिग्रहण की कार्रवाई के लिए आम सूचना का प्रकाशन किया गया है। अधिकारियों के अनुसार रायपुर नगर निगम द्वारा इस तरह की प्रबंध अधिग्रहण कार्रवाई पहली बार की गई है।
इसी क्रम में लालपुर फल मंडी के पीछे आवासीय भवनों का व्यावसायिक उपयोग करने पर 26 गोदाम संचालकों को नोटिस जारी किए गए हैं। नोटिस प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद अवैध निर्माण हटाने, सील करने या नियम अनुसार राजीनामा कराने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं सड़क बाधा, ग्रीन नेट और सीएंडडी वेस्ट जैसे मामलों में जोन-10 टीम ने 21 हजार रुपये का चालान भी काटा है।