CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में फिर बढ़ेगा तापमान, रायपुर में छाए रह सकते हैं बादल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बीते 24 घंटों के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिला है। प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि मौसम विभाग ने आज से फिर तापमान बढ़ने के संकेत दिए हैं और आने वाले दिनों में पारा लगभग 4 डिग्री तक बढ़ सकता है। राजधानी रायपुर में दोपहर और शाम के समय बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है।

रविवार को प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। मनेंद्रगढ़, पेंड्रा रोड और माना-रायपुर एयरपोर्ट क्षेत्र में 3 सेमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि लाभांडीह, बिलासपुर और रायपुर में 2 सेमी बारिश हुई। मोहला, अंबागढ़ चौकी, लोरमी, तखतपुर और सकरी में 1 सेमी तक पानी गिरा। इस दौरान दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिक एच. पी. चंद्रा के अनुसार, विभिन्न मौसम प्रणालियों के सक्रिय होने से प्रदेश के मौसम में बदलाव बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका का प्रभाव छत्तीसगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों में देखा जा रहा है। इसके असर से अगले 48 घंटों में दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में निम्न दाब का क्षेत्र बनने की संभावना है।

मौसम विभाग ने प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज अंधड़ के साथ बिजली गिरने की चेतावनी दी है। वहीं अब प्रदेश में गर्मी बढ़ने का दौर फिर शुरू हो सकता है।

राजधानी रायपुर में आज अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

You May Also Like

More From Author