नई दिल्ली। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIA) की स्थापना का आग्रह किया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ औषधीय वनस्पतियों, जड़ी-बूटियों और जनजातीय पारंपरिक औषधीय ज्ञान से समृद्ध राज्य है। ऐसे में यहां AIIA की स्थापना से आयुर्वेद चिकित्सा, अनुसंधान और उच्च शिक्षा को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने बताया कि नई दिल्ली और पणजी में संचालित AIIA देश में आयुर्वेद आधारित चिकित्सा, अनुसंधान और नवाचार के उत्कृष्ट केंद्र के रूप में स्थापित हो चुके हैं।
साय ने कहा कि संस्थान की स्थापना से प्रदेश के युवाओं को उच्चस्तरीय शिक्षा और शोध के अवसर मिलेंगे, वहीं मध्य भारत के लोगों को बेहतर आयुर्वेदिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने केंद्रीय बजट 2026 में घोषित तीन नए AIIA संस्थानों में से एक छत्तीसगढ़ को देने का अनुरोध किया। अमित शाह ने राज्य के विकास और जनकल्याण के प्रयासों की सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

