रायपुर। छत्तीसगढ़ की हॉकी खिलाड़ियों गीता यादव और मधु सिदार का चयन भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी 30 अगस्त से 13 सितंबर तक चीन के मोकी में आयोजित जूनियर एशिया कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में प्रशिक्षण ले रहीं दोनों खिलाड़ियों को उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने वीडियो कॉल के माध्यम से बधाई दी और उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
जशपुर की मधु सिदार किसान परिवार से हैं और कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखा चुकी हैं। वहीं कबीरधाम की गीता यादव पहले भी नीदरलैंड, बेल्जियम, अर्जेंटीना, इंग्लैंड और स्कॉटलैंड दौरे पर भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। दोनों के चयन से प्रदेश में खुशी का माहौल है।


