रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में फिर परीक्षा में गड़बड़ी, छात्रों ने मचाया हंगामा

रायपुर: पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में परीक्षाओं में गड़बड़ी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला BA LLB की परीक्षा का है, जिसमें आज दूसरे प्रश्नपत्र के स्थान पर चौथा प्रश्नपत्र बांट दिया गया। इससे नाराज छात्रों ने सुबह आठ बजे से ही परीक्षा केंद्र के बाहर हंगामा शुरू कर दिया।

छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन बार-बार इस तरह की लापरवाही कर रहा है। पहले उत्तर पुस्तिकाएं गायब हुईं, फिर गलत तरीके से जांची गईं और अब गलत प्रश्नपत्र बांट दिए गए। छात्र इस बात से भी नाराज हैं कि विश्वविद्यालय प्रशासन अपनी गलती को स्वीकार करने और उचित समाधान करने के बजाय, छात्रों को ही परेशान कर रहा है।

विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. शैलेंद्र पटेल ने इस घटना को “गंभीर लापरवाही” बताया है और कहा है कि पहली बार ऐसी गलती हुई है। उन्होंने कहा कि सिलेबस में इस नाम के और भी प्रश्नपत्र होते हैं, जिसके कारण यह भ्रम पैदा हुआ होगा। उन्होंने जांच के बाद कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

इस घटना के बाद विश्वविद्यालय ने आज का पेपर निरस्त कर दिया है और 10 जुलाई के बाद इसकी दोबारा परीक्षा आयोजित करने का फैसला लिया है। साथ ही, गलत प्रश्नपत्र वाले बीए एलएलबी के पेपर को भी रद्द कर दिया गया है और इसकी नई तारीखें जल्द ही घोषित की जाएंगी।

You May Also Like

More From Author