रायपुर। महानदी का जलस्तर बढ़ने से सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरिया तहसील क्षेत्र के कई गांव बाढ़ की चपेट में हैं। स्थिति का जायजा लेने वित्त मंत्री और रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी प्रभावित इलाकों में पहुंचे। उन्होंने राहत शिविर का निरीक्षण करने के साथ नाव से जलमग्न गांवों का दौरा किया और प्रभावित परिवारों से मुलाकात की।
ओपी चौधरी ने राहत शिविर में मौजूद महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और युवाओं से बातचीत कर उनकी परेशानियों और जरूरतों की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बाढ़ से हुई दिक्कतों के साथ आवास से जुड़ी समस्याएं भी उनके सामने रखीं।
वित्त मंत्री ने अधिकारियों को राहत शिविरों में भोजन, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य जांच, दवाइयों और अन्य जरूरी सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए भी कहा।
इसके बाद उन्होंने नाव के जरिए बोरिदा, ठेंगागुड़ी और तोरा समेत जलमग्न गांवों का दौरा किया। मौके पर उन्होंने राहत और बचाव कार्यों की स्थिति देखी तथा ग्रामीणों से सीधे संवाद कर हालात की जानकारी ली।
प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। एसडीआरएफ, नगर सेना और स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता उपलब्ध करा रही हैं।

