छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों में तेज आंधी-बारिश की चेतावनी, तापमान में कमी

रायपुर: मौसम विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों में तेज आंधी और गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही, अगले 5 दिनों में अधिकतम तापमान में कमी भी आएगी।

पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में मानसून की गतिविधियां कमजोर रही हैं, लेकिन कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश भी होती रही है। मौसम विभाग ने आज गुरुवार को राजधानी रायपुर सहित कुछ जिलों में बारिश की संभावना जताई है।

बुधवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस डोंगरगढ़ में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस रायपुर में रहा। वहीं, सुहेला में 70 मिमी, पेंड्रा में 60 मिमी, कवर्धा में 50 मिमी और रायपुर में 40 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग के अनुसार, आज सभी संभागों के जिलों में गरज-चमक और तेज हवा के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना है। राजधानी रायपुर, बलौदा बाजार, गरियाबंद, धमतरी, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम, राजनांदगांव, बिलासपुर, पेंड्रा रोड, रायगढ़, मुंगेली, कोरबा और जांजगीर में बारिश की संभावना जताई गई है।

वहीं, सरगुजा, जशपुर, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर, बस्तर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा, कांकेर, बीजापुर और नारायणपुर जिले में तेज आंधी और गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

बता दें कि प्रदेश में मानसून बस्तर संभाग के रास्ते आया था और अब तक बस्तर में ही अधिक सक्रिय रहा है। संभाग के कई इलाकों में बुधवार को तेज आंधी और बारिश हुई। वहीं बिलासपुर में भी पिछले 3 दिनों से बदली-बारिश का मौसम बना हुआ है। सरगुजा संभाग के ज्यादातर इलाकों में गुरुवार को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

You May Also Like

More From Author