राजनांदगांव। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनगट्टा में बड़े पैमाने पर हो रही अवैध प्लाटिंग पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए करीब 150 एकड़ जमीन पर बुलडोजर चलाया। प्रशासन को बिना अनुमति और नियमों के खिलाफ प्लाटिंग किए जाने की सूचना मिली थी।
जांच के बाद राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अवैध रूप से बनाए गए रास्ते, प्रवेश द्वार और अन्य निर्माण कार्यों को ध्वस्त कर दिया। प्रशासन ने लोगों से जमीन या प्लाट खरीदने से पहले दस्तावेज और वैधानिक अनुमति की जांच करने की अपील की है।
प्रशासन ने कहा कि जिले में अवैध प्लाटिंग और अतिक्रमण के मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।



