सुकमा के दूरस्थ गांवों तक पहुंचा प्रशासन, स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क सुविधाओं को मिली नई रफ्तार

सुकमा। कलेक्टर अमित कुमार और जिला पंचायत सीईओ मुकुंद ठाकुर ने कोंटा विकासखंड के नक्सल प्रभावित रहे दूरस्थ गांवों भेज्जी, मैलापुर, दंतेशपुरम, बुर्कलंका, गछनपल्ली, बोदराजपदर और डब्बाकोंटा का दौरा कर विकास कार्यों का जायजा लिया। उबड़-खाबड़ रास्तों से मोटरसाइकिल के जरिए पहुंचे अधिकारियों का ग्रामीणों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। ग्रामीणों ने बताया कि आजादी के बाद पहली बार किसी कलेक्टर ने उनके गांव का दौरा किया है।

दौरे के दौरान बुर्कलंका में निर्माणाधीन सुशासन परिसर का निरीक्षण किया गया। इस परिसर में स्कूल, आंगनबाड़ी, पंचायत भवन, पीडीएस केंद्र और सामुदायिक भवन को एक ही परिसर में विकसित किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को एक ही स्थान पर बुनियादी सुविधाएं मिल सकेंगी। अधिकारियों ने ग्रामीणों, सरपंचों और जनप्रतिनिधियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और विकास कार्यों की समीक्षा की।

ग्रामीणों की स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए भेज्जी पंचायत में उप स्वास्थ्य केंद्र की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई, जबकि मैलासुर में इसके लिए भूमि चिन्हांकन के निर्देश दिए गए। गछनपल्ली में स्वास्थ्य कर्मचारियों के लिए स्टाफ क्वार्टर स्वीकृत किया गया। वहीं, दंतेशपुरम में निर्माणाधीन प्राथमिक शाला भवन को बारिश से पहले पूरा करने के निर्देश दिए गए।

ग्रामीणों की आजीविका बढ़ाने के लिए मैलासुर और दंतेशपुरम में मछली पालन को प्रोत्साहित करने हेतु तालाबों का चिन्हांकन किया गया और मछली बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। दंतेशपुरम में नए डैम और तालाब निर्माण की स्वीकृति के साथ पानी टंकी बनाने के निर्देश भी दिए गए। मैलासुर और बोदराजपदर में पेयजल संकट दूर करने के लिए नए हैंडपंप और बोरिंग की मंजूरी दी गई।

कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के कार्यों को तेजी से पूरा कर ग्रामीणों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही बोदराजपदर, मैलासुर, दंतेशपुरम, गछनपल्ली और बुर्कलंका को मुख्य सड़कों से जोड़ने के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया।

कलेक्टर अमित कुमार ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य नक्सलवाद से प्रभावित रहे अंतिम छोर के गांवों तक विकास की गति पहुंचाना है। बारिश से पहले स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र, सड़क, पुल-पुलिया और जल जीवन मिशन से जुड़े सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूरे किए जाएंगे, ताकि ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।

You May Also Like

More From Author