जांजगीर-चांपा। अकलतरा नगर पालिका में अध्यक्ष और पार्षदों के बीच विवाद एक बार फिर खुलकर सामने आ गया है। नाराज पार्षदों ने शुक्रवार सुबह नगर पालिका कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और निर्दलीय अध्यक्ष दीप्ती रोहित सारथी के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार, तीन दिन पहले आयोजित सामान्य सभा की बैठक के दौरान तालाब गहरीकरण और प्लेसमेंट कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को लेकर अध्यक्ष और पार्षदों के बीच तीखी बहस हुई थी। विवाद बढ़ने पर अध्यक्ष बैठक बीच में ही छोड़कर चली गई थीं।
इसी मामले को लेकर आज सामान्य सभा की दोबारा बैठक बुलाई गई थी। हालांकि, बैठक से पहले ही भाजपा और कांग्रेस के पार्षदों ने विरोध जताते हुए नगर पालिका कार्यालय में ताला लगा दिया और भीषण गर्मी के बीच धरने पर बैठ गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है। फिलहाल स्थिति पर नजर रखी जा रही है और प्रदर्शन जारी है।



