रायपुर। NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में नई दिल्ली में चल रहे आंदोलन को जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने समर्थन दिया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी आंदोलन स्थल पहुंचे और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जारी प्रदर्शन में शामिल हुए।
इस दौरान अमित जोगी ने पिछले 19 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की उनकी मांग का समर्थन किया। उन्होंने वांगचुक के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की। साथ ही उन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी के अध्यक्ष अभिजीत दीपके से भी मुलाकात की।
अमित जोगी ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठना लाखों छात्रों के भविष्य और विश्वास के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण आंदोलन जनता की आवाज़ है और सरकार को छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।



