जगदलपुर। केंद्रीय गृहमंत्री Amit Shah की अध्यक्षता में बस्तर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक हुई, जिसमें नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के विकास को लेकर बड़ा रोडमैप तैयार किया गया। प्रेस कांफ्रेंस में अमित शाह ने कहा कि बस्तर अब नक्सल मुक्त हो चुका है और यहां भय का माहौल खत्म हो गया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद नक्सल उन्मूलन अभियान में तेजी आई और अब बस्तर को देश का सबसे विकसित आदिवासी संभाग बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। नक्सल प्रभावित इलाकों में स्थापित सुरक्षा कैंपों को “वीर शहीद गुण्डाधुर सेवा डेरा” में बदला जा रहा है, जहां बैंकिंग, स्वास्थ्य, शिक्षा और सरकारी योजनाओं की सुविधाएं एक ही परिसर में मिलेंगी।
अमित शाह ने बताया कि बस्तर में महिलाओं को पशुपालन से जोड़कर बड़ा डेयरी नेटवर्क तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही सड़क, मोबाइल टावर, बैंक शाखाएं, एटीएम, एकलव्य स्कूल, आईटीआई और स्किल डेवलपमेंट सेंटर जैसी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया गया है। जगदलपुर में 240 बिस्तरों वाला अस्पताल भी खोला जाएगा।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा से विकास और विकास से समृद्धि तक पहुंचना ही असली नक्सल मुक्ति है। प्रेसवार्ता में मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai और उपमुख्यमंत्री Vijay Sharma भी मौजूद रहे।


