छत्तीसगढ़: न्यायधानी बिलासपुर में एक गुंडे का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी दिलीप बंजारे ने दो युवकों की पिटाई कर अपनी दबंगई का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया था। इसके अलावा, वह रंगदारी भी करता था।
पुलिस के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के जरहाभाठा मिनीबस्ती निवासी दिलीप बंजारे का रंगदारी का दबदबा दिखाने का वीडियो बीते शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में दिलीप बंजारे दो युवकों को लोहे की राड से पीटता हुआ दिख रहा था। इसके बाद उसने खुले बदन हाथ में लोहे की राड रखकर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया था। कुछ देर बाद उसने वीडियो डिलीट भी कर दिया, लेकिन तब तक वीडियो पुलिस तक पहुंच गई थी।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए महाराणा प्रताप चौक में दबिश देकर आरोपी दिलीप बंजारे को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से चाकू भी जब्त किया गया। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और रंगदारी के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
बताया जा रहा है कि आरोपी दिलीप बंजारे पर सिविल लाइन थाने में पहले से ही दर्जनों मामले दर्ज हैं। वह इलाके में गुंडई और रंगदारी के लिए जाना जाता है।