बिलासपुर में डायरिया का प्रकोप जारी, एक और मौत से हड़कंप

बिलासपुर में डायरिया से होने वाली मौतों का सिलसिला थम नहीं रहा है। सिम्स हॉस्पिटल में उपचार के लिए भर्ती तिफरा निवासी एक महिला की आज सुबह मौत हो गई। सिम्स में वर्तमान में डायरिया से पीड़ित आधा दर्जन से ज्यादा मरीज भर्ती हैं, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बनी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तिफरा क्षेत्र में रहने वाली 36 वर्षीय सुनीता को दो दिन पहले गंभीर हालत में सिम्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। महिला को लगातार उल्टी और दस्त हो रहे थे, जिससे उसकी स्थिति नाजुक थी। सिम्स के आइसोलेशन वार्ड में इलाज के बावजूद उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ और आज सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लगातार डायरिया के मरीज सामने आ रहे हैं, लेकिन रतनपुर क्षेत्र से सबसे ज्यादा मरीज मिल रहे हैं। पिछले तीन सप्ताह के भीतर रतनपुर में 600 से अधिक मरीज मिले हैं, जबकि अन्य क्षेत्रों में 300 से अधिक मरीज सामने आ चुके हैं।

डायरिया के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिले में हाई अलर्ट जारी किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे और जांच शिविर लगाकर डायरिया के मरीजों की पहचान कर रही है और उनके उपचार की व्यवस्था कर रही है। इसके साथ ही, प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक दवाओं का वितरण किया जा रहा है और साफ पानी के उपयोग के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

You May Also Like

More From Author