जगदलपुर: बस्तर संभाग के स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ा कदम उठाते हुए महारानी जिला अस्पताल में अत्याधुनिक अटल आरोग्य लैब की शुरुआत की गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इसका लोकार्पण किया, जबकि स्थानीय स्तर पर सेवाएं शुरू की गईं।
इस लैब में अब 134 प्रकार की पैथोलॉजी जांचें उपलब्ध होंगी, जिससे मरीजों को निजी लैब या बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। हब एंड स्पोक मॉडल के तहत ग्रामीण क्षेत्रों से भी सैंपल यहां जांच के लिए पहुंचाए जाएंगे और रिपोर्ट डिजिटल माध्यम से सीधे मरीजों तक मिलेगी।
कलेक्टर आकाश छिकारा ने निरीक्षण के दौरान गुणवत्ता और समयबद्ध सेवाओं पर जोर दिया। हेल्थ आईडी प्रणाली के जरिए मरीजों का रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा, जिससे इलाज में आसानी होगी। यह पूरी सुविधा निशुल्क होगी, जिससे आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।


