रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन बस्तर में सड़क कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए निर्माणाधीन सड़कों और पुल-पुलियों के काम में तेजी ला रहा है। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने विभागीय अधिकारियों, अभियंताओं और ठेकेदारों की बैठक लेकर निर्माण कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने RRP और RCPLWEA के तहत चल रहे सड़क और पुल-पुलिया निर्माण कार्यों को दिसंबर 2026 तक पूरा करने के निर्देश दिए। सभी कार्यस्थलों का नियमित निरीक्षण और हर 15 दिन में प्रगति की समीक्षा करने को कहा गया है।
बंसल ने ठेकेदारों को 10 सितंबर तक कार्यों में प्रगति दिखाने के निर्देश दिए। अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट कर अनुबंध निरस्त करने की चेतावनी दी गई। साथ ही निर्माण सामग्री और गुणवत्ता की निगरानी, आवश्यक मशीनरी लगाने और समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बरसात के बाद सड़कों की मरम्मत के लिए 30 सितंबर तक टेंडर प्रक्रिया पूरी करने और गड्ढों को तत्काल भरने के निर्देश भी दिए गए। बाढ़ व अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त सड़कों और पुल-पुलियों की स्थायी मरम्मत को प्राथमिकता देने को कहा गया है।

