कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के वनांचल क्षेत्रों में इन दिनों धर्म वापसी अभियान चर्चा का विषय बना हुआ है। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में विधायक भावना बोहरा की सक्रियता से इस अभियान को लगातार गति मिल रही है।
इसी क्रम में वनांचल ग्राम बूचीपारा में आयोजित एक कार्यक्रम में विधायक भावना बोहरा ने करीब 100 आदिवासी परिवारों के लोगों की घर वापसी कराई। बताया गया कि इन लोगों ने पहले अन्य धर्म अपना लिया था। कार्यक्रम में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ लोगों का स्वागत किया गया। विधायक ने लौटने वाले लोगों के पैर पखारकर उनका सम्मान किया और उपहार भी भेंट किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भावना बोहरा ने कहा कि लंबे समय से वनांचल क्षेत्रों में गरीब और अशिक्षित आदिवासियों को प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि अब लोग अपनी संस्कृति, परंपरा और मूल धार्मिक पहचान की ओर लौट रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि धर्म वापसी अभियान आगे भी जारी रहेगा।
जानकारी के अनुसार, विधायक भावना बोहरा अब तक विभिन्न गांवों में 650 से अधिक आदिवासियों की घर वापसी करा चुकी हैं। वे लगातार गांवों में पहुंचकर सनातन परंपरा, आदिवासी संस्कृति और धार्मिक पहचान को लेकर लोगों से संवाद कर रही हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह अभियान सामाजिक और धार्मिक पहल के साथ-साथ क्षेत्रीय राजनीति में भी प्रभाव डाल सकता है। वनांचल क्षेत्रों में इस अभियान को लेकर लोगों के बीच समर्थन और चर्चा दोनों देखने को मिल रही है।


