बीजापुर। भैरमगढ़ ब्लॉक के ग्राम पंचायत चिंगेर में बन रहे प्राथमिक शाला भवन में घटिया निर्माण और लापरवाही का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। लल्लूराम डॉट कॉम द्वारा इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद सोमवार को निर्माणाधीन भवन को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया। बताया जा रहा है कि इस मामले में संबंधित ठेकेदार और इंजीनियर पर भी जल्द कार्रवाई हो सकती है।
चिंगेर में निर्माणाधीन स्कूल भवन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए गए थे। वीडियो में यह भी दिखाया गया कि भवन में उपयोग की गई सामग्री बेहद कमजोर थी, जिसे डंडे से ही आसानी से उखाड़ा जा सकता था।
गौरतलब है कि बस्तर क्षेत्र में नक्सल प्रभाव कम होने के बाद सरकार शिक्षा के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है। दूर-दराज के इलाकों में स्कूलों का निर्माण कराया जा रहा है, ताकि बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल सके। हालांकि, इस तरह की लापरवाही से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय स्तर पर आरोप हैं कि ठेकेदार और संबंधित अधिकारी मिलकर घटिया सामग्री का इस्तेमाल कर सरकारी धन का दुरुपयोग कर रहे हैं।



