मुंगेली दौरे पर संभागायुक्त की सख्ती, विकास कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए निर्देश

मुंगेली। बिलासपुर संभागायुक्त सुनील कुमार जैन ने एक दिवसीय मुंगेली दौरे के दौरान विकास कार्यों और शासकीय योजनाओं की जमीनी समीक्षा की। कलेक्टोरेट में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, पीएम आवास, पीएम किसान, जल जीवन मिशन, स्वास्थ्य, शिक्षा और राजस्व प्रकरणों सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए। सड़क निर्माण में लापरवाही पर संबंधित इंजीनियर को फटकार भी लगाई।

दौरे के दौरान संभागायुक्त ने गीधा बायपास क्षेत्र में किसानों से मुलाकात कर खेती-किसानी की जानकारी ली और वैज्ञानिक कृषि अपनाने की सलाह दी। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

उन्होंने आंगनबाड़ी, स्कूल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और अटल डिजिटल सेवा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बच्चों, महिलाओं और हितग्राहियों से संवाद किया तथा स्वास्थ्य, पोषण और डिजिटल सेवाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

प्रवास के अंत में मिशन-90 प्लस अभियान के मेधावी विद्यार्थियों, उत्कृष्ट शिक्षकों, राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया। संभागायुक्त ने कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।

You May Also Like

More From Author