बसना : शासकीय घास भूमि की जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। यह कार्रवाई पदमपुर सड़क मार्ग के किनारे स्थित डबरी मेड पर की गई।
एनजीटी के दिशानिर्देशों के तहत की गई इस कार्रवाई के दौरान, नगर पंचायत, राजस्व विभाग और पुलिस की टीमों को अतिक्रमण हटाने में काफी विरोध का सामना करना पड़ा।
नगर पंचायत बसना द्वारा 3 दिन पहले ही लगभग 31 लोगों को नोटिस देकर अवैध कब्जा हटाने की चेतावनी दी गई थी।
अचानक हुई बुलडोजर कार्रवाई से अतिक्रमणकारी घबरा गए और अपना सामान हटाने लगे। कुछ लोगों ने इस कार्रवाई का विरोध भी किया।
इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष गजेन्द्र साहू भी मौके पर पहुंचे। हैरानी की बात यह रही कि जिन लोगों के घरों पर बुलडोजर चलाया जाना था, उनमें नगर पंचायत अध्यक्ष का घर भी शामिल था।
इस बात को लेकर अध्यक्ष नाराज भी दिखे। अध्यक्ष की नाराजगी देखकर अतिक्रमणकारियों का हौसला बढ़ गया और उन्होंने और भी ज्यादा विरोध करना शुरू कर दिया।
इसी बीच, एक युवक ने गुस्से में आकर अपने कपड़े में आग लगाकर बुलडोजर को जलाने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस ने उसे तुरंत पकड़ लिया और कुछ देर के लिए बुलडोजर रोक दिया गया।
बाद में फिर से बुलडोजर चलाया गया और अवैध कब्जों को हटा दिया गया।



