CG Elections 2026: छत्तीसगढ़ में निकाय और पंचायत उपचुनाव के लिए मतदान जारी, 1,310 पदों पर हो रहा चुनाव

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकायों और त्रि-स्तरीय पंचायतों के आम एवं उपचुनाव के लिए सोमवार को मतदान शुरू हो गया। राज्य निर्वाचन आयोग की देखरेख में प्रदेशभर के 1,310 रिक्त पदों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। मतदान के बाद 4 जून को मतगणना होगी और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे।

निर्वाचन आयोग के अनुसार नगर पालिका परिषद अध्यक्ष के 5, पार्षद के 77, जनपद पंचायत सदस्य के 10, सरपंच के 82 और पंच के 1,136 पदों के लिए चुनाव हो रहा है। निकाय चुनाव में 31,928 और पंचायत चुनाव में 1,02,797 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

कबीरधाम जिले की नगर पंचायत सहसपुर लोहारा में अध्यक्ष पद के उपचुनाव को लेकर खासा उत्साह है। यहां भाजपा, कांग्रेस और एक निर्दलीय उम्मीदवार के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है। 5,142 मतदाता अध्यक्ष पद का फैसला करेंगे।

वहीं सूरजपुर जिले की शिवनंदनपुर नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए तीन प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि 15 वार्डों में पार्षद पद के लिए 52 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। यहां कुल 4,642 मतदाता मतदान करेंगे।

इधर बिलासपुर के वार्ड क्रमांक 29 संजयनगर में पार्षद उपचुनाव के लिए भी मतदान जारी है। भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है। 5,255 मतदाता नए पार्षद का चयन करेंगे।

निर्वाचन आयोग ने सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का दावा किया है और शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

You May Also Like

More From Author