CG Railway News: रायपुर और कोरबा के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने हसदेव एक्सप्रेस को प्रतिदिन संचालित करने का निर्णय लिया है। इसके तहत वर्तमान में अलग-अलग दिनों में चल रही गाड़ी संख्या 18249/18250 और 18251/18252 हसदेव एक्सप्रेस को एकीकृत किया जाएगा।
रेलवे प्रशासन के अनुसार 1 अगस्त 2026 से गाड़ी संख्या 18249/18250 रायपुर-कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस सप्ताह के सभी सातों दिन चलेगी। इससे यात्रियों को रोजाना नियमित रेल सेवा का लाभ मिलेगा।
ट्रेन का संचालन 15 आधुनिक एलएचबी कोचों के साथ किया जाएगा, जो बेहतर सुरक्षा और आरामदायक यात्रा के लिए जाने जाते हैं। रेलवे का मानना है कि इस फैसले से रायपुर, बिलासपुर, चांपा, कोरबा समेत मार्ग के हजारों यात्रियों को सुविधा मिलेगी, विशेषकर रोजाना यात्रा करने वालों को बड़ा लाभ होगा।



