रायपुर। छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में बारिश होने के बावजूद रायपुर, दुर्ग और राजनांदगांव सहित अधिकांश क्षेत्रों में भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत नहीं मिली है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को रायपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटों में कुसमी में 7 सेमी, कापू में 3 सेमी तथा बलरामपुर, कांसाबेल और पोड़ी उपरोड़ा में 1 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। साथ ही कुछ क्षेत्रों में बिजली गिरने की भी आशंका है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले तीन से चार दिनों में छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में प्रवेश कर सकता है। वहीं 12 जून के बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है।

