छत्तीसगढ़ में फिर बढ़ेगी गर्मी, 16 मई से हीट वेव की चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बुधवार को हुई हल्की बारिश और तेज हवाओं से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली, लेकिन मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है, जिससे 16 मई से मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हीट वेव चलने की आशंका है।

पिछले 24 घंटों में दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जगदलपुर में न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री रहा। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाएं और हल्की बारिश की संभावना जताई है। रायपुर में भी आंशिक बादल छाए रहने, अंधड़ और बारिश के आसार हैं। विभाग ने वज्रपात और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पूर्व-पश्चिम द्रोणिका और चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश में यह मौसम बदलाव देखने को मिल रहा है।

You May Also Like

More From Author