रायपुर। छत्तीसगढ़ में बस्तर को छोड़कर अधिकांश क्षेत्रों में भीषण गर्मी का असर बना हुआ है। रायपुर में तापमान लगातार दूसरे दिन 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा, जबकि 27 अप्रैल को 45 डिग्री तक पहुंचने और लू चलने की चेतावनी जारी की गई है।
प्रदेश में बिलासपुर सबसे गर्म रहा, जहां 44.4 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। कई शहरों में पारा 40 डिग्री के पार बना हुआ है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक गर्मी से राहत की संभावना कम है। हालांकि, बाद में तापमान में 1 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है। वहीं कुछ इलाकों में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की भी संभावना जताई गई है।

