रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे कई जगह नदी-नाले उफान पर हैं। राजधानी रायपुर में रविवार दोपहर झमाझम बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों तक मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, सबसे अधिक 8 सेंटीमीटर बारिश मनेन्द्रगढ़ में दर्ज की गई। बिल्हा और मैनपुर में 7-7 सेंटीमीटर, जबकि पटना में 6 सेंटीमीटर वर्षा हुई। मुंगेली, गरियाबंद, बैकुंठपुर, रामानुजगंज, लोरमी और चिरमिरी समेत कई क्षेत्रों में 5 सेंटीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड की गई।
सोमवार को रायपुर में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक, झारखंड-बिहार क्षेत्र में बने चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका के प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। विभाग ने राजनांदगांव, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर सहित कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं रायपुर, दुर्ग, महासमुंद, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, धमतरी, गरियाबंद समेत कई जिलों में यलो अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।



