रायपुर। मानसून का ब्रेक खत्म होते ही छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर फिर शुरू हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) के प्रभाव से राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में बादल छाए हैं और हल्की बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज होने और कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा की संभावना जताई है।
गुरुवार को प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। शुक्रवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, राजनांदगांव, धमतरी, महासमुंद, जांजगीर-चांपा, कोरबा, मुंगेली, कबीरधाम सहित कई जिलों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, गरज-चमक, आकाशीय बिजली और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं प्रदेश के अन्य कई जिलों के लिए यलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

