रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरीय निकायों और त्रिस्तरीय पंचायतों के आम एवं उपचुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया है। निर्वाचन प्रक्रिया 11 मई 2026 से शुरू होकर 4 जून 2026 तक चलेगी। इसके साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।
निर्वाचन आयोग के अनुसार नगरीय निकायों में अध्यक्ष के 5 और पार्षद के 77 पदों सहित कुल 82 पदों पर चुनाव होंगे। वहीं त्रिस्तरीय पंचायतों में जनपद पंचायत सदस्य, सरपंच और पंच के कुल 1228 रिक्त पदों पर मतदान कराया जाएगा।
नामांकन प्रक्रिया 11 से 18 मई तक चलेगी, जबकि नाम वापसी की अंतिम तिथि 21 मई तय की गई है। नगरीय निकायों के लिए मतदान 1 जून को ईवीएम के जरिए होगा और परिणाम 4 जून को घोषित किए जाएंगे। पंचायत चुनाव मतपेटियों के माध्यम से कराए जाएंगे।
राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने बताया कि चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए सामान्य और व्यय प्रेक्षकों की नियुक्ति भी कर दी गई है

