रायपुर। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम की सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मूल्यांकन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में राज्य की प्रमुख औद्योगिक, वाणिज्यिक और आधारभूत संरचना परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में रायपुर के कृषि उपज मंडी परिसर में अत्याधुनिक जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क विकसित करने के प्रस्ताव पर विचार किया गया। वहीं बिलासपुर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त ट्रांसपोर्ट नगर बनाने की योजना को भी आगे बढ़ाया गया। इस परियोजना में लॉजिस्टिक्स हब, गोदाम, पार्किंग, वाहन मरम्मत केंद्र और चालकों के लिए विश्राम क्षेत्र जैसी सुविधाएं शामिल होंगी।
इसके अलावा नवा रायपुर में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजनों के लिए विश्वस्तरीय कन्वेंशन सेंटर विकसित करने की रूपरेखा भी तैयार की गई। यह केंद्र कॉर्पोरेट कार्यक्रमों, व्यापारिक बैठकों और प्रदर्शनियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
इन सभी परियोजनाओं को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत विकसित किया जाएगा। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों और छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।


