छत्तीसगढ़ के सरकारी कर्मचारियों को दिवाली का तोहफा, महंगाई भत्ता 2% बढ़ा, अब 60 प्रतिशत मिलेगा DA

रायपुर। छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार ने दीपावली से पहले प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों को आर्थिक राहत दी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। इस फैसले के बाद राज्य के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को अब 58 प्रतिशत के बजाय 60 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता और महंगाई राहत मिलेगी।

सरकार की ओर से बढ़ी हुई दरें 1 नवंबर 2026 से लागू की जाएंगी। इस निर्णय से प्रदेश के लगभग 3 लाख 85 हजार सरकारी कर्मचारी और करीब 1 लाख 50 हजार पेंशनर लाभान्वित होंगे।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार अपने कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों को लेकर संवेदनशील है। त्योहार से पहले लिया गया यह फैसला उनके परिवारों को आर्थिक राहत देने के साथ दीपावली की खुशियों को भी बढ़ाएगा।

इस बढ़ोतरी से राज्य सरकार के खजाने पर हर महीने लगभग 36 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भार पड़ेगा। वहीं, सालाना वित्तीय भार करीब 432 करोड़ रुपये अनुमानित है।

You May Also Like

More From Author