रायपुर। छत्तीसगढ़ की जूनियर बालिका बास्केटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 14 साल बाद राष्ट्रीय चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है। पुद्दुचेरी में आयोजित जूनियर नेशनल बास्केटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने केरल को 55-51 अंकों से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
टीम की जीत में दिव्या रंगारी ने सर्वाधिक 22 अंक जुटाए, जबकि कप्तान अंजली कोडापे ने 14 अंक का योगदान दिया। रूमी कोनवर और अंजनी ने 7-7 अंक, अदिति कोडापे ने 3 और सारा सिंह ने 2 अंक हासिल किए। सोफी सिका और नंदनी माधो प्रधान ने भी उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया।
फाइनल से पहले छत्तीसगढ़ ने सेमीफाइनल में कर्नाटक को 67-62 और क्वार्टर फाइनल में महाराष्ट्र को 56-44 अंकों से पराजित किया था।
बालिका टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने खिलाड़ियों और टीम प्रबंधन को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ प्रदेश बास्केटबॉल संघ में विवाद के चलते बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया ने खिलाड़ियों के चयन के लिए एक एड-हॉक कमेटी गठित की है, जो राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए राज्य की टीम का चयन करती है।



