सरकारी स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष निर्माण को मिलेगी रफ्तार, हर कक्षा के लिए 1 लाख रुपये की राशि

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में अतिरिक्त कक्षा-कक्षों के निर्माण को गति देने के लिए वीबी-जी राम जी योजना और स्कूल शिक्षा विभाग की राशि का अभिसरण किया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक अतिरिक्त कक्षा-कक्ष के निर्माण के लिए स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से 1 लाख रुपये की राशि दी जाएगी।

इस संबंध में विकसित भारत-जी राम जी के आयुक्त और लोक शिक्षण संचालनालय की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं। योजना के तहत अनुमेय कार्यों की सूची में सरकारी स्कूलों के लिए अतिरिक्त कक्षा-कक्ष निर्माण को भी शामिल किया गया है। स्कूलों में कक्षों की जरूरत के अनुसार सूची लोक शिक्षण संचालनालय की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी।

प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक स्कूलों में अतिरिक्त कक्षा-कक्ष निर्माण के लिए 7.09 लाख रुपये का प्राक्कलन निर्धारित किया गया है। इसमें स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से 1 लाख रुपये की अभिसरण राशि दी जाएगी। वहीं, हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों के लिए निर्माण का प्राक्कलन 10.63 लाख रुपये रखा गया है और यहां भी प्रति कक्षा 1 लाख रुपये की राशि दी जाएगी।

निर्देशों के अनुसार निर्माण कार्य ग्रामसभा के अनुमोदन के बाद कराया जाएगा। इसके साथ ही कार्यस्थल की तकनीकी उपयुक्तता, निर्धारित दिशा-निर्देशों और SECURE के प्रावधानों का पालन करना होगा। जिला और विकासखंड स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद निर्माण कार्यों को स्वीकृति दी जाएगी।

You May Also Like

More From Author