रायपुर। मादक पदार्थों से जुड़े मामलों के तेजी से निपटारे के लिए राज्य शासन ने रायपुर, बिलासपुर और महासमुंद जिले के सरायपाली में एक्सक्लूसिव स्पेशल NDPS कोर्ट गठित करने की अधिसूचना जारी की है। ये अदालतें केवल एनडीपीएस एक्ट 1985 से जुड़े मामलों की सुनवाई करेंगी।
रायपुर में दसवीं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश स्मृति किरण थवाइट, बिलासपुर में तृतीय अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश स्मृति किरण त्रिपाठी और सरायपाली में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश पवन कुमार अग्रवाल को विशेष न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। तीनों अदालतें 11 मई 2026 से प्रभावी मानी गई हैं।
नई अदालतों के संचालन के लिए 21 नए पदों के सृजन को मंजूरी दी गई है। हाईकोर्ट ने संबंधित जिला न्यायाधीशों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इन विशेष अदालतों से ड्रग्स तस्करी और मादक पदार्थों से जुड़े लंबित मामलों के निपटारे में तेजी आएगी।


