रायपुर। छत्तीसगढ़ में आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निराकरण के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की शुरुआत मंगलवार से होने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय महानदी भवन (मंत्रालय) में कैबिनेट बैठक के बाद इस सेवा का शुभारंभ करेंगे और हेल्पलाइन कॉल सेंटर का निरीक्षण भी करेंगे।
इस हेल्पलाइन के माध्यम से नागरिक सफाई व्यवस्था, पेंशन, पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज नहीं करने, रिश्वतखोरी, बुजुर्गों के साथ दुर्व्यवहार समेत विभिन्न समस्याओं और शिकायतों को सीधे दर्ज करा सकेंगे। शिकायतों की स्थिति ऑनलाइन भी ट्रैक की जा सकेगी।
टोल-फ्री नंबर 1076 के अलावा नागरिक वेब पोर्टल, मोबाइल ऐप और व्हाट्सएप चैटबॉट के माध्यम से भी अपनी शिकायत दर्ज कर सकेंगे। सरकार का लक्ष्य तय समयसीमा में शिकायतों का प्रभावी और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना है।


