माउंट एवरेस्ट फतह कर लौटीं अमिता श्रीवास की तबीयत बिगड़ी, सीएम साय ने जताई चिंता

रायपुर। जांजगीर-चांपा जिले की पर्वतारोही अमिता श्रीवास ने 22 मई 2026 को विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट (8,848 मीटर) फतह कर छत्तीसगढ़ का नाम देश और दुनिया में रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि अमिता ने अपने साहस, दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत से प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का नया उदाहरण प्रस्तुत किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है कि प्रदेश की बेटी ने विश्व की सर्वोच्च चोटी पर पहुंचकर तिरंगा लहराया। हालांकि समिट के बाद बेस कैंप लौटते समय अत्यधिक ऊंचाई, ऑक्सीजन की कमी और शून्य से 40 डिग्री सेल्सियस तक कम तापमान के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई।

जानकारी के अनुसार अमिता श्रीवास को हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू कर काठमांडू के नॉर्विक इंटरनेशनल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों ने उन्हें गंभीर फ्रॉस्टबाइट और हाई एल्टीट्यूड से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं से प्रभावित बताया है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार ने अधिकारियों को आवश्यक समन्वय और हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अमिता के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि उनका साहस और संघर्ष प्रदेश के हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। छत्तीसगढ़ को उनकी उपलब्धि पर गर्व है।

You May Also Like

More From Author