छत्तीसगढ़ के जलाशयों में भरपूर पानी, पिछले दो वर्षों की तुलना में बेहतर हुई स्थिति

रायपुर। छत्तीसगढ़ के प्रमुख और मध्यम सिंचाई जलाशयों में इस वर्ष जल भंडारण की स्थिति पिछले दो वर्षों की तुलना में काफी बेहतर है। जल संसाधन विभाग के अनुसार राज्य के जलाशयों में कुल 3329.41 एमसीयूएम पानी उपलब्ध है, जो कुल क्षमता का 52.35 प्रतिशत है।

प्रदेश के 12 प्रमुख जलाशयों में 54.60 प्रतिशत जल भंडारण दर्ज किया गया है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 31.56 प्रतिशत और वर्ष 2024 में केवल 26 प्रतिशत था। वहीं 34 मध्यम जलाशयों में 40.33 प्रतिशत जल उपलब्ध है।

धमतरी का मुरूमसिल्ली जलाशय 81.50 प्रतिशत क्षमता के साथ सबसे अधिक भरा हुआ है। इसके अलावा दूधावा, मनियारी, छिरपानी और झुमका जलाशयों में भी 70 प्रतिशत से अधिक जल भंडारण है।

राज्य के सबसे बड़े मिनीमाता बांगो जलाशय में वर्तमान में 56.19 प्रतिशत पानी उपलब्ध है, जो पिछले वर्ष की तुलना में दोगुने से अधिक है। विभाग के अनुसार जलाशयों में बेहतर जल भंडारण से सिंचाई और पेयजल आपूर्ति को लेकर स्थिति मजबूत बनी हुई है।

You May Also Like

More From Author