छत्तीसगढ़ में मानसून का स्ट्रांग सिस्टम एक्टिव, आज भारी से बहुत भारी बारिश के आसार

रायपुर। मानसून की विदाई से पहले छत्तीसगढ़ में एक बार फिर बारिश का दौर तेज होने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र का असर प्रदेश के कई हिस्सों में दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग ने 22 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं 24 सितंबर को बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में भी तेज बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम-मध्य और उससे लगे पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र सोमवार तक सक्रिय रहा। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है और अगले 24 से 48 घंटे में अवदाब से गहरे अवदाब में बदलने की संभावना है।

मौसम तंत्र के 23 सितंबर की सुबह के आसपास उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा तट के पास पहुंचने का अनुमान है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। भैरमगढ़ में सबसे ज्यादा 5 सेमी बारिश हुई। इसके अलावा गंगालूर में 4 सेमी, जबकि बिहारपुर, रतनपुर, दुर्ग, बेलगहना और पेंड्रा रोड में 3-3 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

रायपुर में भी बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में 22 सितंबर को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। कुछ स्थानों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। शहर में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

You May Also Like

More From Author