छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, रायपुर में बारिश से जलभराव; अगले 3 दिन भारी बारिश का अलर्ट

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदल गया है। राजधानी रायपुर में सुबह से काले बादल छाए रहे और बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना है। उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी बारिश के आसार हैं।

प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश दर्ज की गई, जबकि उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी वर्षा हुई। सबसे अधिक अधिकतम तापमान पेंड्रा रोड में 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर में सोमवार को बादल छाए रहने और बारिश की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

अगले 3 दिनों तक बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उत्तरी ओडिशा के तट से लगे क्षेत्र में बना कम दबाव का क्षेत्र और मजबूत हो रहा है। अगले 24 घंटे में इसके अवदाब में बदलने की संभावना है। इसके प्रभाव से प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहेगा।

कई जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में मध्यम बारिश के आसार हैं।

इन इलाकों में हुई ज्यादा बारिश

प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश भैसमा और लवन में 9-9 सेमी दर्ज की गई। ओडगी में 8, कोटाडोल में 7, जबकि बेरला, सिमगा और थानखमरिया में 6-6 सेमी बारिश हुई। छाल और मनेंद्रगढ़ में 5-5 सेमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा तिल्दा, दरी, सुहेला, नांदघाट, कटघोरा, लैलूंगा, पेंड्रा रोड, भाटापारा, सहसपुर लोहारा, कसडोल, हरदीबाजार और कोंटा में 3 सेमी बारिश दर्ज की गई।

You May Also Like

More From Author