रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले चार दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। कई स्थानों पर गरज-चमक और वज्रपात को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर बंगाल की खाड़ी में पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तट के पास बना निम्न दबाव क्षेत्र बारिश की गतिविधियों को बढ़ाएगा। पिछले 24 घंटों में ओड़गी, वाड्रफनगर और डौरा कोचली में 7-7 सेमी बारिश दर्ज की गई।
रायपुर में बादल और बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में 13 अगस्त को आसमान मेघमय रहने तथा एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 32 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
मौसम विभाग ने भारी बारिश और वज्रपात की संभावना वाले इलाकों में लोगों को सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।



