रायपुर। चीन में आयोजित जूनियर महिला एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की गीता यादव और मधु सिदार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम की जीत में अहम योगदान दिया। दोनों खिलाड़ी बिलासपुर के राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र बहतराई स्थित आवासीय हॉकी अकादमी में प्रशिक्षण ले चुकी हैं।
टूर्नामेंट में मधु सिदार ने दक्षिण कोरिया के खिलाफ भारत की जीत में एक गोल किया। इसके बाद मलेशिया के खिलाफ भारत ने 11-1 से जीत दर्ज की, जिसमें गीता यादव ने दो गोल किए।
पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में भी दोनों खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। भारत ने पाकिस्तान को 19-0 से हराया और इस मैच में गीता यादव तथा मधु सिदार ने दो-दो गोल किए। पूरे टूर्नामेंट में दोनों खिलाड़ियों के नाम चार-चार गोल रहे।
दोनों के प्रदर्शन पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी। उन्होंने भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए विभाग की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
वहीं, कवर्धा पहुंचने पर गीता यादव का जोरदार स्वागत किया गया। उनके परिवार, यादव समाज के पदाधिकारियों, युवाओं और बड़ी संख्या में लोगों ने रैली निकालकर उनका अभिनंदन किया।


