रायपुर। जिले के स्कूलों में कक्षा 6वीं की तिमाही परीक्षा के पहले ही दिन हिंदी के प्रश्नपत्र में गड़बड़ी सामने आई। प्रश्नपत्र में एक ही सवाल को अलग-अलग प्रश्न क्रमांकों में तीन बार शामिल कर दिया गया, जिससे अभिभावकों और शिक्षाविदों में नाराजगी देखने को मिली।
दरअसल, प्रश्नपत्र में “मेजर ध्यानचंद की सफलता का क्या रहस्य था?” सवाल को प्रश्न क्रमांक 9, 16 और 19 में दोहराया गया है। एक ही प्रश्न के तीन बार आने से परीक्षा की तैयारी और प्रश्नपत्र तैयार करने की प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं।
प्रश्न क्रमांक 9 में यह सवाल लघुउत्तरीय प्रश्न के तौर पर पूछा गया। इसके बाद दीर्घ उत्तरीय प्रश्नों में क्रमांक 16 पर भी लगभग यही सवाल दोबारा शामिल किया गया। वहीं प्रश्न क्रमांक 19 के ‘अथवा’ विकल्प में भी मेजर ध्यानचंद की सफलता के रहस्य से जुड़ा वही सवाल छपा हुआ मिला।
परीक्षा के दौरान गड़बड़ी सामने आने के बाद अभिभावकों ने नाराजगी जताई। उनका कहना है कि परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण मामले में प्रश्नपत्र तैयार करने से पहले उसकी ठीक से जांच होनी चाहिए थी। एक ही सवाल तीन बार पूछे जाने से परीक्षा व्यवस्था की गंभीरता पर सवाल उठ रहे हैं।
वहीं शिक्षाविदों और स्थानीय लोगों ने भी इस मामले पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि प्रश्नपत्र में इस तरह की त्रुटि विद्यार्थियों के मनोबल और परीक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता को प्रभावित कर सकती है।
मामले को लेकर शिक्षा विभाग की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अभिभावकों और शिक्षाविदों ने प्रश्नपत्र में हुई गड़बड़ी को लेकर स्पष्टीकरण देने और जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।



